
टोक्यो । विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और जापान का संबंध मजबूत हुआ है। विवेकानंद कल्चरल सेंटर में भारतीय प्रवासियों के समूह को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री ने जापान के साथ संबंध को मजबूत बनाने में प्रवासियों के योगदान और जापान में भारत की सकारात्मक तस्वीर उकेरने की भी सराहना की। स्वराज ने कहा, ‘पहले की तुलना में अब भारत-जापान संबंध अधिक मजबूत हुआ है और इसका बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री शिंजो एबी की मित्रता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जापान का भारत के साथ संबंध अधिक मजबूत हुआ है।’
जापानी विदेश मंत्री तारो कोनो के साथ नौवें भारत-जापान रणनीतिक वार्ता के लिए बुधवार को स्वराज टोक्यो पहुंची। स्वराज और कोनो के बीच रणनीतिक वार्ता होगी। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक रिलीज के अनुसार, समान हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दोनों पक्ष वार्ता करेंगे।