
जयपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान की शुरुआत के महीनेभर बाद राहुल गांधी शनिवार को जयपुर पहुंचे। कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने 13 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। यहां रैली में उन्होंने बेरोजगारी, किसान आत्महत्या, राफेल सौदे और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि 56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री राफेल सौदे पर मेरे सवालों का एक मिनट भी जवाब नहीं दे पाए। राहुल ने कहा, ”मोदी जी ने कहा था कि दो करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार दूंगा। किसानों को फसल का सही दाम मिलेगा। महिलाओं की रक्षा होगी। बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ। 56 इंच की छाती हैं, प्रधानमंत्री नहीं चौकीदार बनना चाहता हूं। भ्रष्टाचार से लड़ना चाहता हूं। मोदी जी ने राफेल का कॉन्ट्रैक्ट अपने कारोबारी दोस्त अनिल अंबानी की सात दिन पुरानी कंपनी को दे दिया। देश में हिंदुस्तान एयरोनॉटिकल्स 70 साल से विमान बना रही है। पर मोदी जी सीधे फ्रांस गए, उनके साथ अनिल अंबानी भी थे। उनके ऊपर 43 हजार करोड़ कर्ज है। उन्होंने जीवन में एक भी हवाई जहाज नहीं बनाया। 540 करोड़ का एक विमान 1600 करोड़ में रुपए में खरीदा।”