- मोदी सरकार के 12 साल: जयपुर में उपलब्धियों की भव्य प्रदर्शनी, गिनाई विकास की कहानी

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा चलाए जा रहे "12 साल विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के" अभियान के तहत भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शनी में किया गया प्रस्तुत
प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को आकर्षक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया गया। इसमें गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, आधारभूत संरचना विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, स्टार्टअप क्रांति तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़े विभिन्न विषयों को शामिल किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
'असंभव को संभव करने वाला नया भारत'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि यह प्रदर्शनी पिछले 12 वर्षों में देश में हुए परिवर्तन और विकास की झलक प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
राठौड़ ने कहा कि पहले योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित रह जाती थीं, लेकिन आज उनका लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल संभावनाओं का देश नहीं, बल्कि उपलब्धियों का देश बन चुका है और विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक विकास की नई धारा बह रही है। आधुनिक रेलवे स्टेशन, वंदे भारत ट्रेनें, एक्सप्रेस-वे, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण की योजनाएं नए भारत की पहचान बन चुकी हैं। विकसित भारत का लक्ष्य अब राष्ट्रीय संकल्प का रूप ले चुका है।
'विश्व पटल पर मजबूत पहचान बना चुका है भारत'
अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में केवल विकास ही नहीं किया, बल्कि विश्व स्तर पर अपनी नई पहचान भी स्थापित की है। उन्होंने कहा कि आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ, मजबूत और निर्णायक नेतृत्व वाला राष्ट्र बनकर उभरा है।
गोयल ने कहा कि एक समय योजनाएं कागजों तक सीमित रहती थीं, लेकिन आज करोड़ों लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव दिखाई दे रहा है। गरीबों को पक्के मकान, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ, युवाओं को नए अवसर तथा देश को आधुनिक आधारभूत संरचना प्राप्त हुई है। मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन का मूल आधार बनाया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल सरकार की उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन करोड़ों भारतीयों की आशाओं, सपनों और विश्वास की कहानी है जिनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
भाजपा जयपुर शहर के मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी (अग्रवाल) ने बताया कि कार्यक्रम में जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, राजेश तांबी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
राजस्थान न्यूज़